ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

बांध प्रभावितों ने शुरू किया क्रमिक अनशन, पहले दिन दो महिलाएं बैठीं

नई टिहरी(आरएनएस)। निशुल्क बिजली और पानी की मांग को लेकर आंदोलनरत बांध प्रभावितों ने अब क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। पहले दिन रूकमा परमार और अशरूफी सेमवाल क्रमिक अनशन पर बैठीं। जन अधिकार मोर्चा के बैनर तले बांध प्रभावित स्थानीय लोग पिछले दो माह से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। वे पिछले 60 दिनों से बौराड़ी स्थित गणेश चौक में प्रतिदिन धरने पर बैठे रहे। मांगों पर कार्रवाई न होने से आंदोलनकारियों ने मंगलवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया।
मोर्चा के अध्यक्ष सागर भंडारी ने कहा कि लंबे समय से धरना देने के बावजूद शासन-प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है जिससे प्रभावितों में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 61वें दिन से मजबूरन क्रमिक अनशन शुरू करना पड़ा है और इसमें प्रतिदिन अलग-अलग लोग शामिल होंगे। यदि इसके बाद भी सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मोर्चा के सचिव मानवेंद्र रावत ने कहा कि टिहरी बांध से प्रदेश सरकार को हर वर्ष करोड़ों रुपये की आय होती है लेकिन बांध प्रभावितों की मूलभूत मांगों की अनदेखी की जा रही है। इस मौके पर रविराज, देवांक चमोली, गोपीनाथ रावत, सुरेंद्र खंडवाल, विक्रम कुमार, सुरेंद्र सुरी, जयकृष्ण सेमवाल, एकादशी देवी, रंजना रतूड़ी, उषा उनियाल, कमला राणा, सुमित्रा देवी, महेश्वरी पैन्यूली, वृद्धिपाल परमार, हुकम सिंह, प्रवीण राणा, दलवीर रांगड़, प्यार सिंह आदि मौजूद रहे।