ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

पत्रकारों से अभद्रता के मामले में विधायक ने की सख्त कार्रवाई की मांग


अल्मोड़ा।
नगर के एक निजी नर्सिंग कॉलेज से जुड़े कथित अभद्रता प्रकरण को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में विधायक मनोज तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए इसे गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं, ऐसे में उनके साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता निंदनीय है और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से संबंधित संस्थान की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि उक्त नर्सिंग संस्थान से पूर्व में भी विवाद सामने आते रहे हैं, इसलिए पूरे संस्थान की गतिविधियों और व्यवस्था की गहन जांच कराई जानी चाहिए।

विधायक ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं बरती गई तो इससे गलत प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिलेगा।

घटना के बाद पत्रकार संगठनों में भी रोष देखा जा रहा है। विधायक ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है, क्योंकि उनके माध्यम से ही समाज में तथ्य सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों में अनुशासन, सम्मान और नैतिकता का वातावरण होना चाहिए और इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं।