ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

जसपुर में शिकायत पर एसडीएम ने किया जन औषधि केंद्र सील

काशीपुर(आरएनएस)।    स्वास्थ्य केंद्र परिसर में संचालित जन औषधि केंद्र पर ब्रांडेड दवाइयों की बिक्री समेत कई अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया। शनिवार को एसडीएम राहुल शाह ने तहसीलदार दलीप सिंह और सीएचसी के सीएमएस डॉ. धीरेंद्र गहलोत के साथ केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जन औषधि केंद्र पर मरीजों को जेनेरिक दवाइयों के बजाय ब्रांडेड दवाइयां बेची जा रही थीं। इसके अलावा केंद्र पर कोई पंजीकृत फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं मिला। दवाइयों का स्टॉक रजिस्टर भी ठीक तरीके से संधारित नहीं किया गया था। जांच में कुछ एक्सपायर दवाइयां भी स्टॉक में रखी मिलीं। टीम को निरीक्षण के दौरान सीएचसी के चिकित्सकों द्वारा लिखी गई कुछ पर्चियां भी मिलीं, जिनमें ब्रांडेड दवाइयां लिखी गईं थी। इन सभी अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने जन औषधि केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। एसडीएम ने बताया कि इस कार्रवाई की सूचना सीएमओ और औषधि निरीक्षक को दे दी गई है। कहा कि जन औषधि योजना के तहत आम जनता को सस्ती जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।