ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू, 24 मई तक घर-घर होगा मकान सूचीकरण

अल्मोड़ा। जनगणना-2027 का प्रथम चरण शनिवार से जिले में शुरू हो गया है, जिसके तहत 24 मई तक मकान सूचीकरण और भवन गणना का कार्य किया जाएगा। इस चरण में प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। जनपद में कुल 19 चार्ज क्षेत्र बनाए गए हैं, जिनमें नगर निगम अल्मोड़ा सहित अन्य 18 क्षेत्र शामिल हैं। कार्य के संचालन के लिए एक मास्टर ट्रेनर, 40 फील्ड ट्रेनर, करीब 1373 प्रगणक और लगभग 252 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों का सही और पूर्ण उत्तर दें, ताकि आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित हो सके। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने बताया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी और इसे किसी अन्य उद्देश्य के लिए साझा नहीं किया जाएगा। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।