ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

एक सप्ताह में सड़कों का कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

अल्मोड़ा। नगर निगम पार्षद वैभव पांडे ने शहर की जर्जर सड़कों को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में सड़कों की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है, जहां जगह-जगह गड्ढे और टूटी सतह लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हैं। पार्षद ने बताया कि इस मुद्दे को हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से उठाया गया था, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों ने संज्ञान लिया। अधिशासी अभियंता की ओर से आश्वासन दिया गया है कि एक सप्ताह के भीतर पेचवर्क और हॉट मिक्स का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरेली-अल्मोड़ा-बागेश्वर मार्ग पर हॉट मिक्स तथा धारानौला मार्ग पर पेचवर्क कार्य प्रस्तावित है, लेकिन कार्य में हो रही देरी समझ से परे है, जबकि टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा के भीतर कार्य शुरू नहीं किया गया तो जनहित में अधिशासी अभियंता का घेराव और तालाबंदी जैसे कदम उठाए जाएंगे। साथ ही धारानौला मार्ग पर भी हॉट मिक्स का टेंडर जारी करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों के साथ भेदभाव न हो। उन्होंने जेल रोड और अन्य लिंक मार्गों की खराब स्थिति का भी उल्लेख करते हुए इन सड़कों के लिए हॉट मिक्स कार्य की स्पष्ट समयसीमा तय करने की मांग की। पार्षद ने कहा कि जनता की समस्याओं को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और जल्द कार्य शुरू होना आवश्यक है, अन्यथा जनआंदोलन किया जाएगा।