ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

20 एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण लक्ष्य पूर्ति के निर्देश

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जनपद में संचालित 20 सूत्रीय एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की लक्ष्यवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति प्रत्येक विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। सभी कार्य गुणवत्ता के साथ संपादित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश देते हुए कहा कि विभाग नियमित रूप से अपने कार्यों की समीक्षा करें और प्रगति में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान विभागवार समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं होने वाले विभागों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग समन्वित एवं उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से कार्य करें। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love