ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

बड़कोट में स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए खुला हाट

उत्तरकाशी(आरएनएस)। स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए नगर पालिका बड़कोट में यमुनी वैली हाट नाम से नया आउटलेट खोला गया है। इस नई दुकान का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल और उप जिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी ने किया। हिमरोल गांव निवासी जगमोहन सिंह राणा की ओर से यह दुकान खोली गई है। यमुना वैली हाट में स्थानीय उत्पादों में रवांई घाटी के शुद्ध जैविक प्रसिद्ध लाल चावल, राजमा, तोअर, गहत, मंडुवे का आटा, चुलू का तेल, ऑर्गेनिक चाय, लहसुन, लिंगड़ा, मशरूम व मिक्स अचार, बुरांश माल्टा, पुदीना आदि विभिन्न प्रकार का जूस, चटनी, जैम सहित तमाम स्थानीय उत्पाद इस आउटलेट में मिलेंगे। हिमरोल गांव निवासी जगमोहन ने गांव की महिलाओं के माध्यम से इकठ्ठा कर स्थानीय उत्पादों को बाजार में उतारने का बेहतरीन प्रयास किया है। जगमोहन ने हिमरोल गांव और नौगांव के बाद अब बड़कोट में भी दुकान खोली है। वह स्वरोजगार के क्षेत्र में पहाड़ी उत्पादों के अलावा बागवानी और खेती में सफल कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल, एसडीएम बृजेश तिवारी, डॉ कपिल देव रावत, शशी मोहन डोभाल, जगमोहन राणा, जेपी नौटियाल, मोहित थपलियाल, पूरण रावत मौजूद रहे।