देहरादून(आरएनएस)। भाजपा के एक पूर्व पदाधिकारी के नाम और लेटर पैड का इस्तेमाल कर पुरोला विधायक के खिलाफ फर्जी शिकायत भेजने का मामला सामने आया है। जालसाज ने फर्जी हस्ताक्षर कर लोक निर्माण विभाग को शिकायती पत्र भेजा। जिसमें विधायक पर कमीशनखोरी के आरोप लगाए गए थे। पीड़ित की तहरीर पर रायपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से उत्तरकाशी और वर्तमान में रायपुर निवासी विनय राजा, पूर्व मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा बनीगाड-डामटा ने पुलिस को बताया कि उन्हें अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड पुरोला के माध्यम से एक शिकायती पत्र की सूचना मिली। यह पत्र विनय के लेटर पैड पर उनके फर्जी हस्ताक्षरों के साथ प्रमुख अभियंता को भेजा गया था। पत्र में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल पर आरोप लगाया गया कि वे चहेते ठेकेदारों की योजनाओं को स्वीकृत कराने के बदले 5 से 10 प्रतिशत सुविधा शुल्क (रिश्वत) ले रहे हैं। विनय राज ने स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो ऐसी कोई शिकायत की है और न ही पत्र पर उनके हस्ताक्षर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि साल 2023 में भी उनके लेटर पैड का दुरुपयोग कर विभाग की एक महिला इंजीनियर के विरुद्ध मुख्यमंत्री कार्यालय में झूठी शिकायत की गई थी। विनय का आरोप है कि कोई अज्ञात व्यक्ति बार-बार उनके नाम का इस्तेमाल कर विधायक और उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। एसओ रायपुर गिरीश नेगी ने बताया कि विनय राज की तहरीर पर धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
विधायक पुरोला के खिलाफ भाजपा के लेटर पैड पर फर्जी शिकायत भेजने में केस


