ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

स्वास्थ्य विभाग में 1046 चतुर्थ श्रेणी और पर्यावरण मित्रों की होगी भर्ती, प्रक्रिया में तेजी के निर्देश

देहरादून (आरएनएस)। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत राज्य की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में लंबे समय से रिक्त पड़े 1046 चतुर्थ श्रेणी और पर्यावरण मित्रों के पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी। इन पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरे जाने का निर्णय लिया गया है। विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत अस्पतालों में बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरण और मानव संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

मंत्री ने जानकारी दी कि विभिन्न जनपदों की चिकित्सा इकाइयों और विभागीय कार्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े कुल 1046 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें 680 पद चतुर्थ श्रेणी और 366 पद पर्यावरण मित्रों के हैं। चतुर्थ श्रेणी के पदों में हरिद्वार में 89, नैनीताल में 196, पौड़ी में 40, चमोली में 131, उत्तरकाशी में 38, अल्मोड़ा में 31, बागेश्वर में 10, पिथौरागढ़ में 99, चंपावत में 25 और स्वास्थ्य महानिदेशालय में 21 पद शामिल हैं।

इसी तरह पर्यावरण मित्रों के पदों में हरिद्वार में 21, नैनीताल में 136, पौड़ी में 37, चमोली में 43, उत्तरकाशी में 36, अल्मोड़ा में 16, बागेश्वर में 15, पिथौरागढ़ में 43, चंपावत में 15 और स्वास्थ्य महानिदेशालय में 4 पद रिक्त हैं।

धन सिंह रावत ने बताया कि इन सभी पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरा जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आउटसोर्स कंपनी का शीघ्र चयन कर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि युवाओं को जल्द से जल्द नियुक्ति मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून और ऊधमसिंह नगर जनपदों में चतुर्थ श्रेणी और पर्यावरण मित्रों की भर्ती प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।