ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

सहेली ने सूने घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी की

देहरादून (आरएनएस)। पटेलनगर थाना क्षेत्र के पथरीबाग में एक महिला के घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी सहेली ने ही की है। शक होने पर जब महिला ने पड़ोस में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सहेली घर में घुसते हुए दिखाई दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पथरीबाग निवासी साक्षी पत्नी गौरव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी दोस्ती रीठा मंडी निवासी माहिन मलिक पुत्री दिलशाद से थी। साक्षी के अनुसार 14 जनवरी 2026 को वह अपने मायके सिंघल मंडी में एक शादी समारोह में गई थीं और घर पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान माहिन मलिक ने फोन कर बताया कि वह उनके घर के पास है। इस पर साक्षी ने उसे अपने मायके बुला लिया। पीड़िता का कहना है कि काफी देर बाद माहिन उनके मायके पहुंची और बहाने से उनसे आईडी कार्ड मांगने लगी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।

पीड़िता ने बताया कि 19 जनवरी को जब उन्होंने अलमारी खोली तो उसमें रखे 10 हजार रुपये नकद और जेवर गायब मिले। चोरी गए सामान में सोने की नथ, मांग टीका, झुमकी, पति की अंगूठी, मंगलसूत्र और चांदी की पायलें शामिल हैं। चोरी की आशंका होने पर साक्षी ने अपनी ताई के घर लगे सीसीटीवी फुटेज देखे, जिसमें 14 जनवरी को उनकी गैरमौजूदगी में माहिन मलिक घर के अंदर जाती और कुछ देर बाद बाहर निकलते हुए दिखाई दी।

इंस्पेक्टर पटेलनगर के अनुसार आरोपी माहिन मलिक के खिलाफ चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता ने यह भी बताया कि नवंबर में एक कार्यक्रम के दौरान माहिन ने उनके जेवर देखे थे और बाद में उसने डेढ़ लाख रुपये उधार मांगे थे। पैसे न देने पर उसने जेवर गिरवी रखने का दबाव बनाया और एक बार बिना बताए घर पर चाबी बनाने वाले को भी बुला लिया था। उस समय साक्षी घर पर मौजूद थीं, इसलिए उन्होंने उसे रोक दिया था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।