ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन, प्रमाणपत्रों की छाया प्रतियां फूंकीं

रुद्रपुर(आरएनएस)।  उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा का पेपर लीक होने को लेकर युवाओं में आक्रोश देखने को मिला। बुधवार को नगर के मुख्य चौक पर युवाओं ने प्रदर्शन कर शैक्षिक प्रमाणपत्रों की छाया प्रतियां जलाईं। प्रदर्शन के बाद युवा एसडीएम कार्यालय पहुंचे और आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि लाखों रुपये में सीटें बेची जा रही हैं और कठोर कानून का दावा करने वाली सरकार इस मामले में संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। युवाओं ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई और पुन: परीक्षा आयोजित नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से युवाओं ने बेरोजगारों को नि:शुल्क आवागमन सुविधा देने की भी मांग रखी। प्रदर्शन में पूरन चौहान, उमेश पाठक, चरण राणा, मुनीश गुप्ता, आकाश राणा, अभिषेक, हिमांशु उपाध्याय और अजय सहित कई युवा मौजूद रहे।