ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

कर्णप्रयाग में भाजपा की दीपिका मैखुरी बनी ब्लॉक प्रमुख

चमोली(आरएनएस)।   कर्णप्रयाग में भाजपा समर्थित उत्तरों वार्ड की क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपिका मैखुरी ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की माहेश्वरी देवी को दो मतों से हराया। वहीं, जेष्ठ प्रमुख के लिए भाजपा के बीरेंद्र सिंह और कनिष्ठ प्रमुख के लिए भाजपा के ही मनबीर सिंह निर्वाचित हुए हैं। नव निर्वार्चित दीपिका मैखुरी भाजपा के वरिष्ठ नेता टीका मैखुरी की पुत्रवधू हैं। चुनाव जीतने के बाद लंगासू मैखुरा निवासी दीपिका मैखुरी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क की सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ महिला शशक्तीकरण पर कार्य करना होगा। वे पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उन्होंने पहली बार चुनाव मैदान में उतरकर ब्लॉक प्रमुख पद पर जीत हासिल की। उनकी जीत पर कर्णप्रयाग में तहसील कॉलोनी से उमा देवी तिराहा तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी। लंगासू बाजार में भी गाजे बाजे के साथ जुलूस का आयोजन किया गया। इस मौके पर बृजेश बिष्ट, देवेंद्र गैरोला, विक्रम मिंगवाल, मनोज पुंडीर, महिपाल नेगी आदि मौजूद रहे।