ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

गुजरात एटीएस ने पाकिस्तानी जासूसी की पोल खोली, सेना के पूर्व सूबेदार और महिला गिरफ्तार

अहमदाबाद  (आरएनएस)। गुजरात के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने गुरुवार को एक बड़े पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एटीएस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों को संवेदनशील और सुरक्षा संबंधी जानकारी लीक करने के आरोप में एक महिला और एक पूर्व सेना सूबेदार को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान गोवा में भारतीय सेना में सूबेदार मेजर अजय कुमार सिंह और दादरा एवं नगर हवेली की रश्मणी पाल के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अजय पर पाकिस्तानी गुर्गों को वित्तीय सहायता पहुंचाने का भी आरोप है। दोनों जासूसी नेटवर्क के तहत धन जुटाने में मदद कर रहे थे। दोनों ने संवेदनशील जगहों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां इक_ा की और उनको पाकिस्तान के साथ साझा करने में लगे थे। एटीएस अब इस व्यापक नेटवर्क की जांच कर रही है। वह पता लगा रही है कि कितनी जानकारी पहले ही लीक हो चुकी है और इससे कितने लोग जुड़े हैं।
गुजरात एटीएस के अधिकारियों ने इससे पहले नवंबर में पंजाब पुलिस द्वारा वांछित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप था कि वह भारत में ग्रेनेड हमले करने के लिए पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संचालकों से साथ काम करने वाले गिरोह के लिए हथियारों की तस्करी कर रहा था। पंजाब पुलिस से जानकारी के बाद एटीएस ने गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी बिल्ला को पंचमहल जिले के हलोल कस्बे से पकड़ा था।