ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

एक क्लिक पर मिलेगी 2003 की वोटर लिस्ट, मतदाताओं की सुविधा के लिए नया यूजर इंटरफेस हुआ तैयार

देहरादून। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बना दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम की पहल पर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर यह नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत अब मतदाता केवल अपने गली, मोहल्ले या क्षेत्र के नाम के आधार पर भी वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकेंगे।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि प्रदेश में आगामी 10 जनवरी तक बीएलओ आउटरीच अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर उनकी जानकारी का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान कर रहे हैं। इस दौरान यह सामने आया कि कई मतदाताओं को अपने वर्ष 2003 के बूथ की सही जानकारी उपलब्ध नहीं है, जिससे उन्हें सूची में नाम खोजने में कठिनाई हो रही थी।

इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट https://ceo.uk.gov.in/ पर वर्ष 2003 की मतदाता सूची के लिए नया और सरल सर्च विकल्प उपलब्ध कराया गया है। वेबसाइट पर पहले से ही मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, अपने नाम तथा पिता या पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक और बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते थे। अब नए फीचर के माध्यम से गली, मोहल्ला और क्षेत्र के नाम से भी मतदाता सूची में खोज संभव हो गई है।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ द्वारा हर मतदाता से समन्वय, संवाद और पहुंच बनाई जा रही है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।