ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

कोडीन युक्त कफ सिरप और मनःप्रभावी दवाओं की बिक्री पर औषधि विभाग की सख्त निगरानी

अल्मोड़ा। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में जनपद अल्मोड़ा में कोडीन युक्त कफ सिरप और मनःप्रभावी औषधियों के अवैध आवागमन, बिक्री और दुरुपयोग की रोकथाम के लिए औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने जिले के विभिन्न खुदरा और थोक औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं के उपलब्ध स्टॉक का सत्यापन किया गया और खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान अभिलेख संतोषजनक पाए गए।

निरीक्षण में यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोडीन युक्त कफ सिरप और मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में और पंजीकृत चिकित्सा व्यवसायी के विधिवत पर्चे पर ही की जा रही है। इसके साथ ही औषधि प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी जांच की गई।

अभियान के दौरान परीक्षण और विश्लेषण के उद्देश्य से दवाओं के तीन नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें राज्य विश्लेषणशाला भेजा जाएगा। औषधि निरीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य नशीली प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम जनता, विशेषकर युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि कोडीन युक्त कफ सिरप और मनःप्रभावी औषधियों के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।