पौड़ी(आरएनएस)। प्रसिद्ध बूंखाल मेले को लेकर परिवहन विभाग ने भी अपनी तैयारी शुरू की है। मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए परिवहन महकमा चोपड़ा से मेला स्थल तक शटल सेवा आ संचालन करेगा ताकि मेला स्थल के आस-पास जाम की हालात पैदा न हो और श्रद्धालुओं के लिए भी सुविधाएं रहे। इस दौरान ओवरलोडिंग आदि पर भी अंकुश लगाया जाएगा। पौड़ी के आरटीओ द्वारिका प्रसाद ने बताया कि शटल सेवा में करीब 50 छोटे वाहन चलाने पर विचार किया जा रहा है। यदि जरूरत पड़ी तो वाहनों की संख्या में इजाफा भी किया जाएगा। बूंखाल में 6 दिसंबर को मेले का आयोजन होना है। मेले में मां कालिंका के दर्शन करने के लिए बड़ी सख्या में हर साल श्रद्धालु पहुंचते है। ऐसे में यहां वाहनों की काफी आवाजाही रहती है। डीएम पौड़ी ने बूंखाल मेले की तैयारियों को लेकर बैठक में परिवहन विभाग को वाहनों से लेकर पार्किंग आदि व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए कहा था। मेले को देखते हुए विभाग ने रूट प्लान तैयार किया है। आरटीओ के मुताबिक चोपड़ा से बूंखाल मेला स्थल तक करीब 5 किलोमीटर के दायरे में शटल सेवा का संचालन किया जाएगा। इसी सेवा से श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने के लिए आवाजाही कर सकेंगे। मेले के दौरान कई बार ओवरलोडिंग आदि भी देखने में आती है लिहाजा इस पर भी अंकुश लगाया जाएगा ताकि कोई भी वाहन ओवरलोड होकर श्रद्धालुओं को न ले जाए। शटल सेवा के जरिए यहां आने वाले वाहनों पर भी नियंत्रण हो सकेगा। अभी चोपड़ा के पास पार्किंग आदि की भी व्यवस्था देखी जा रही है ताकि यहां आने वाले वाहनों को यहां पार्क करवाया जा सके। इसी के बाद शटल सेवा को संचालन शुरू किया जाएगा।
बूंखाल मेले के लिए चोपड़ा से शटल सेवा संचालित करेगा परिवहन महकमा


