ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर विधिक जागरूकता शिविर

अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के तत्वावधान में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय ‘जीरो टॉलरेंस टू एफजीएम’ दिवस के अवसर पर भिकियासैंण और रानीखेत में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। तालुका विधिक सेवा समिति भिकियासैंण के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार की ओर से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिकियासैंण में तथा तालुका विधिक सेवा समिति रानीखेत की सचिव जसमीत कौर द्वारा विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ कोर्ट परिसर रानीखेत और लालकुर्ती क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविरों की शुरुआत नालसा थीम गीत ‘एक मुट्ठी आसमान’ के साथ की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों को महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और गरिमा, लैंगिक समानता, सामुदायिक भागीदारी, पॉक्सो अधिनियम 2012, बाल संरक्षण कानूनों, महिला मुआवजा योजना 2020, ई-ट्रू कॉपी सुविधा, पीसी एवं पीएनडीटी अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित कानून, जिले में चल रहे 90 दिवसीय मध्यस्थता अभियान तथा 14 मार्च को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी गई। शिविरों के माध्यम से कानूनी जागरूकता बढ़ाने और अधिकारों की समझ विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का समापन पुनः नालसा थीम गीत के साथ किया गया। शिविरों में विद्यालयों के शिक्षक, अधिकार मित्र और अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।