अल्मोड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह ने गुरुवार को थाना सल्ट का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, कर्मचारी बैरक और भोजनालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। थाने के समस्त अभिलेखों का गहन परीक्षण करते हुए प्रविष्टियों की जांच की गई और कार्यालय स्टाफ को रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान थाने के आवासीय भवनों की भी समीक्षा की गई। क्षतिग्रस्त दीवारों और खिड़कियों की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश थानाध्यक्ष को दिए गए। सीसीटीएनएस कार्यों की जांच करते हुए नियुक्त कार्मिकों को ऑनलाइन जनरल डायरी और आईआईएफ प्रपत्रों की समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करने तथा सभी संबंधित पोर्टलों की नियमित निगरानी कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, वारंटों की तामीली और निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने तथा थाने में लंबित माल और मुकदमाती वाहनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को सरकारी संपत्ति के समुचित रखरखाव, प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने और थाने में आने वाले आगंतुकों व शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करते हुए समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। बीट क्षेत्र में तैनात कर्मियों को नियमित भ्रमण करने, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और भंडारण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा व्यापक सत्यापन और जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के समय थाना सल्ट के थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने किया थाना सल्ट का वार्षिक निरीक्षण


