अल्मोड़ा। जनपद के विकासखंड ताड़ीखेत के सौला क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य शांति उप्रेती द्वारा रानीखेत क्षेत्र के विद्यालयों में योग शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों को योग से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत अब तक सैकड़ों छात्र-छात्राएं योग प्रशिक्षण का लाभ ले चुके हैं। शांति उप्रेती ने बताया कि विकासखंड ताड़ीखेत के राजकीय इंटर कॉलेज जैना और राजकीय इंटर कॉलेज लोधियाखान सहित कई विद्यालयों में योग शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। उनका कहना है कि वर्तमान समय में बच्चों की बदलती दिनचर्या और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि योग अनेक बीमारियों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ सके। शांति उप्रेती के अनुसार क्षेत्र के दर्जनभर से अधिक विद्यालयों में सैकड़ों विद्यार्थी योग प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह अभियान 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक जारी रहेगा।
विद्यालयों में योग शिविरों के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति किया जा रहा जागरूक


