ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

दन्या पुलिस ने पनुवानौला बाजार में चलाया जागरूकता अभियान

अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा माह के तहत दन्या पुलिस ने पनुवानौला बाजार क्षेत्र में जन-जागरूकता अभियान चलाया। रविवार को थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महन्त के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कमित जोशी ने बाजार क्षेत्र में टैक्सी चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। इस दौरान लोगों को सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता के लिए गुड सेमेरिटन योजना की जानकारी दी गई और अपील की गई कि दुर्घटना पीड़ितों की तत्काल मदद करें। टैक्सी चालकों को वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने के निर्देश भी दिए गए। अभियान के दौरान उत्तराखण्ड पुलिस एप, गौरा शक्ति एप, डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी जानकारी, साइबर अपराध से बचाव और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपदा हेल्पलाइन 1070 के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने नागरिकों से बिना पुलिस सत्यापन किराएदार न रखने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता और सहयोग से ही सड़क सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।