ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

उत्तराखंड लोक वाहिनी ने महापंचायत और राष्ट्रीय हड़ताल को दिया समर्थन

अल्मोड़ा। उत्तराखंड लोक वाहिनी ने 8 फरवरी को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित महापंचायत और 12 फरवरी की राष्ट्रीय आम हड़ताल को समर्थन देने की घोषणा की है। संगठन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि महापंचायत को सफल बनाने के लिए प्रदेश की जनता को आगे आना चाहिए। उत्तराखंड लोक वाहिनी के नेता जगत रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में चल रही सीबीआई जांच सरकार प्रायोजित शिकायत के आधार पर की जा रही है, जो विश्वसनीय नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में हो। उनका कहना था कि प्रदेश में महिलाओं और कामकाजी युवतियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने का मुद्दा प्रदेश के सम्मान और अस्मिता से जुड़ा है। संगठन के महासचिव पूरन चन्द्र तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार शुरू से ही प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता की मांगों पर ध्यान न देना सरकार की मंशा पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने यह भी कहा कि न्याय का रास्ता अब तक जनआंदोलनों से होकर ही निकला है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।