ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, 23 जनवरी तक उतार-चढ़ाव के आसार

देहरादून (आरएनएस)। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने 17 जनवरी से 23 जनवरी तक के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए प्रदेश में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। वहीं मैदानी जिलों में घने कोहरे और कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति भी बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में पाला पड़ने की स्थिति भी देखी गई।

18 जनवरी को भी उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। इसके साथ ही हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने 19 और 20 जनवरी को प्रदेश में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं जताई है। हालांकि इन दोनों दिनों में भी हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की आशंका बनी रहेगी।

21 जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 22 और 23 जनवरी को भी इन जिलों में कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। मौसम विभाग ने इस अवधि में मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर कोहरे की समस्या बने रहने की भी संभावना जताई है।