ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

एस्ट्रो टूरिज्म कार्यशाला में युवा ले रहे खगोल पर्यटन का प्रशिक्षण

अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद देहरादून, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी स्किल काउंसिल तथा स्टारकेप्स एक्सपीरिएंश प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में 15 दिवसीय निःशुल्क एस्ट्रो टूरिज्म यानी खगोल पर्यटन कार्यशाला का शुभारंभ हो गया है। यह कार्यशाला खगोल विज्ञान की बुनियादी जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में एक नई पहल मानी जा रही है। कार्यशाला का उद्घाटन नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खगोल पर्यटन भविष्य में पर्यटन के एक नए क्षेत्र के रूप में उभर रहा है और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल सकते हैं। कार्यशाला में जनपद अल्मोड़ा के 30 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें छात्र और छात्राएं शामिल हैं। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को टेलीस्कोप के संचालन, खगोल विज्ञान से जुड़े व्यवहारिक प्रशिक्षण और रात्रि के समय आकाशीय पिंडों के अवलोकन का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाएगा। इससे प्रतिभागियों को एस्ट्रो टूरिज्म के क्षेत्र में कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा और वे इस उभरते पर्यटन क्षेत्र से जुड़ सकेंगे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पर्यटन विभाग देहरादून के अपर निदेशक ने ऑनलाइन माध्यम से सहभाग किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला जनपद में पर्यटन के नए आयाम स्थापित करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्वेता, पर्यटन विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित प्रतिभागी भी मौजूद रहे। आयोजकों का कहना है कि इस तरह की कार्यशालाओं से अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को नई संभावनाएं मिलेंगी।