ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

पैनखंडा महोत्सव देख कर लौट रहे सात लोगों को बस ने मारी टक्कर

चमोली(आरएनएस)। ज्योतिर्मठ में शनिवार देर रात पैनखंडा महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या समाप्त होने के बाद पैदल लौट रहे लोगों को एक तेज रफ्तार बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। शनिवार रात सांस्कृतिक संध्या समाप्त होने पर दर्शक घर लौट रहे थे, तभी रविग्राम गैस कार्यालय के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने पैदल चल रही भीड़ को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कुल सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटना रात लगभग 11:30 बजे की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवकों की पहचान शिवम बिष्ट (19) निवासी सिंद्रवाला गौचर और सिद्धार्थ पंवार (21) निवासी चांई, जोशीमठ के रूप में हुई है। सीएचसी जोशीमठ के चिकित्सा प्रभारी डॉ. गौतम ने बताया कि शिवम के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सिद्धार्थ की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है। दोनों के शरीर पर कई जगह चोटें होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद देर रात दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। अन्य पांच घायलों को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें उपचार के बाद रविवार को डिस्चार्ज कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जिस बस से यह हादसा हुआ उसे आयोजन समिति द्वारा सांस्कृतिक संध्या देखने आए लोगों को उनके घर तक छोड़ने के लिए लगाया गया था। सूत्रों के अनुसार बस चालक नशे में था।