ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

आई लव मोहम्मद जुलूस के दौरान उपद्रव, 3 नामजद, सैकड़ों अज्ञात पर मुकदमा

वीडियो के जरिए पहचान, दबिश जारी, पीएसी तैनात

उधमसिंह नगर (आरएनएस)। काशीपुर के अल्ली खां क्षेत्र में रविवार देर रात बिना अनुमति निकाले गए “आई लव मोहम्मद” जुलूस पर नियंत्रण लगाने गई पुलिस टीम पर हमला और पथराव की घटना के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने काशीपुर में मोर्चा संभालते हुए पीएसी तैनात कर दी है।

पुलिसकर्मियों से मारपीट, गाली-गलौच और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ करने वालों की वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है और उनके घरों में तलाशी अभियान भी जारी है। काशीपुर कोतवाली के एसएसआई अनिल जोशी की तहरीर पर नदीम अख्तर, हनीफ गांधी, दानिश चौधरी सहित लगभग 400–500 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू कर दी गई है।

मामले की जांच टांडा चौकी इंचार्ज एसआई सुनील सुतेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात लगभग 9:40 बजे सूचना मिली कि अल्ली खां इलाके में बड़ी संख्या में लोग बिना अनुमति जुलूस निकाल रहे हैं। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो भीड़ वाल्मीकि बस्ती की ओर बढ़ते हुए पुलिसकर्मियों को घेर लिया और धक्का-मुक्की, लात-घूंसे और गाली-गलौच करने लगी।

इस दौरान डायल 112 की गाड़ी (UK 01 GA-0336) और थाना वाहन (UK 07 GA-4524) के शीशे और बोनट तोड़ दिए गए। भीड़ ने पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए दहशत का माहौल पैदा किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 121(1), 132, 221, 352, 351(2), 324(3) और 190 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ दंगा निरोधक धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। खबर है कि कुछ आरोपियों ने नैनीताल उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत की कोशिश भी शुरू कर दी है।

काशीपुर की घटना को लेकर नगर निगम मेयर दीपक बाली सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया है कि अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामले दर्ज किए जाएंगे।