ALT UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

30 और 31 जनवरी को भारी बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट

देहरादून (आरएनएस)। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने शुक्रवार 30 जनवरी और शनिवार 31 जनवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार जनवरी के अंत में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड को प्रभावित करेगा, जिसके चलते मैदानी से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों तक मौसम खराब रहने की संभावना है।

मौसम निदेशक डॉक्टर सी.एस. तोमर ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्द्वानी, देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर सहित मैदानी इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। लगभग 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी भी हो सकती है।

आगामी दिनों में बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय कोहरा छाए रहने की भी संभावना जताई है।